कल कटिहार में राहुल गांधी की एंट्री, वोटर अधिकार यात्रा का होगा पावर शो

News4Bihar: कटिहार अब तैयार है राहुल गांधी के स्वागत के लिए, कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा कल जिले में एंट्री करेगी और यहां इसे लेकर पार्टी ने जबरदस्त तैयारी कर डाली है। कांग्रेस नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं तक, हर कोई इस मौके को ऐतिहासिक बनाने में जुटा है।जैसे ही राहुल गांधी जिला में कदम रखेंगे, उनका भव्य स्वागत होगा। कदवा के कुम्हरी चौक पर वो थोड़ी देर ठहरकर लोगों को संबोधित करेंगे। इसके लिए विधायक डॉ. शकील अहमद खान ने पूरे इलाके को कांग्रेस के रंग में रंग दिया है, बैनर, पोस्टर, झंडे और होर्डिंग से पूरा कटिहार कांग्रेसमय नजर आ रहा है। इस यात्रा को ताकत देने के लिए सिर्फ राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि तेजस्वी यादव, इमरान प्रतापगढ़ी, कन्हैया कुमार, मुकेश सहनी और पप्पू यादव जैसे दिग्गज भी मंच साझा करेंगे। यानी ये होगा विपक्षी नेताओं का ग्रैंड शो ऑफ स्ट्रेंथ। कटिहार में माहौल साफ है, कांग्रेस और सहयोगी दल इस यात्रा को सियासी धमाका बनाने के मूड में हैं। अब देखना होगा कि जनता राहुल की इस एंट्री पर कितना जोरदार रिस्पॉन्स देती है।