दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, 9 पुलिसकर्मी घायल; पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी को लगी 6 गोलियां
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पुलिस स्टेशन के अंदर ही चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। जामा मस्जिद थाने में काउंसलिंग के लिए बुलाए गए एक युवक ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी पुलिस स्टेशन से फरार हो गया और भागने के लिए एक आम नागरिक का स्कूटर छीन लिया।
थाने में अचानक निकाल लिया चाकू
दिल्ली पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे काला महल, जामा मस्जिद निवासी करीब 30 वर्षीय नबील को उसकी मां और बहन की शिकायत पर काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया गया था। परिजनों ने उसके द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत की थी।
पुलिसकर्मियों से बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में SI अजय, SI अरविंद, HC हरेंद्र, ASI श्री कृष्ण और HC बलजीत घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सर गंगा राम अस्पताल पहुंचाया गया।
स्कूटर छीनकर हुआ फरार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
हमले के बाद आरोपी थाने से भाग निकला। फरार होने के दौरान उसने एक आम नागरिक से स्कूटर छीन लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट की AATS और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने उसकी तलाश शुरू की।
शाम करीब 4:30 बजे पुलिस टीम ने आरोपी को चांदनी महल थाना क्षेत्र के चितली कबर के पास घेर लिया। लेकिन गिरफ्तारी की कोशिश के दौरान आरोपी ने एक बार फिर चाकू से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
पुलिस की जवाबी फायरिंग, आरोपी के पैरों में लगीं 6 गोलियां
आरोपी के हमले में स्पेशल स्टाफ के चार पुलिसकर्मी कांस्टेबल अंकित, जयंत, लोकेश और परमिंदर घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, गंभीर खतरे को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने नियंत्रित तरीके से जवाबी फायरिंग की। इस दौरान कुल आठ राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से छह गोलियां आरोपी के पैरों में लगीं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
आरोपी का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, आरोपी नबील का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2022 में दरियागंज थाने में उसके खिलाफ IPC की धारा 324 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
फिलहाल जामा मस्जिद और चांदनी महल थानों में संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
दिल्ली की इस घटना ने पुलिस स्टेशन के भीतर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









