♦ बिहार में सुबह-सुबह कांपी धरती, पटना-भागलपुर समेत कई जिलों में भूकंप के झटके; घरों से बाहर निकले लोग।
पटना। बिहार में मंगलवार की सुबह उस वक्त लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक धरती कांपने लगी। कार्तिक पूर्णिमा के दिन सुबह-सुबह आए भूकंप के झटके पटना, भागलपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया समेत कई जिलों में महसूस किए गए। अचानक हुए कंपन से लोगों में हलचल मच गई और कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार, 24 नवंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजकर 02 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 मापी गई। इसका केंद्र पड़ोसी देश नेपाल के कोशी प्रांत में था। भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 20 किलोमीटर नीचे बताई गई है।
कुछ सेकंड तक महसूस हुआ कंपन
बिहार के अलग-अलग इलाकों में लोगों ने करीब 2 से 3 सेकंड तक धरती में कंपन महसूस किया। कई जगहों पर घरों में रखे सामान और पंखे हिलने लगे। अचानक आए झटकों से लोग घबरा गए और एक-दूसरे से भूकंप आने की जानकारी लेने लगे।
नेपाल में था भूकंप का केंद्र
जानकारी के मुताबिक, नेपाल में आए इस भूकंप का असर बिहार के अलावा झारखंड और आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी महसूस किया गया। फिलहाल बिहार में किसी बड़े जान-माल के नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना सामने नहीं आई है।
भूकंप के झटकों के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
News4Bihar की अपील: भूकंप के दौरान घबराएं नहीं। सुरक्षित स्थान पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।









