सोनपुर मेले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर खाद्य संरक्षा विभाग की पैनी नजर, मिठाई से लेकर पकौड़े तक की हो रही जांच

♦ खाद्य संरक्षा टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में की औचक जांच, खुले में बिकने वाली जलेबी और पकौड़े को ढककर रखने का निर्देश

♦ मिलावट या गंदगी की शिकायत के लिए विभाग ने जारी किया मोबाइल नंबर, 23 दिसंबर तक चलेगा जांच अभियान

 

छपरा (सारण)। विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेला-2026 में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर निगरानी तेज कर दी है। मेले में मिठाई, नाश्ता एवं अन्य खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर खाद्य संरक्षा विभाग की विशेष नजर है। इसी क्रम में खाद्य संरक्षा टीम ने मेला क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया।

 

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी के निर्देश पर सारण की खाद्य संरक्षा टीम लगातार जांच अभियान चला रही है। अभिहित अधिकारी एवं सारण प्रमंडल के प्रभारी नारायण राम के नेतृत्व में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान विशेष रूप से खुले में बिकने वाली जलेबी, पकौड़े और अन्य खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा ग्राहकों को ताजा खाद्य सामग्री ही परोसने की हिदायत दी गई।

 

टीम ने जलेबी में इस्तेमाल होने वाले खाद्य रंग (फूड कलर) का निर्धारित एवं उचित मात्रा में ही प्रयोग करने का निर्देश दिया। ठेले पर पकौड़े और अन्य नाश्ता बेचने वाले विक्रेताओं को भी समझाया गया कि खाद्य पदार्थों को धूल, धुएं और मक्खियों के संपर्क में आने से बचाएं। खाद्य सामग्री खुले में रखने से उसके दूषित होने और लोगों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका रहती है।

 

मेले में विकसित किया गया फूड कोर्ट, लगाए गए 15 से 20 स्टॉल

 

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देश पर फूड कोर्ट भी विकसित किया गया है। यहां नामी-गिरामी प्रतिष्ठानों के साथ स्थानीय प्रसिद्ध खाद्य विक्रेताओं को भी स्थान दिया गया है। हरिलाल खोट्स, कृष्णा एंड कृष्णा स्वीट्स, पिज्जा हट, तुलसी स्वीट्स, एटम बम मिठाई विक्रेता तथा वैशाखी साह के प्रसिद्ध रसगुल्ले सहित करीब 15 से 20 खाद्य स्टॉल लगाए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के विकल्प उपलब्ध कराना है।

 

मिलावटी खाद्य पदार्थों के प्रति चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

 

खाद्य पदार्थों में मिलावट से होने वाले नुकसान के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए मेला क्षेत्र में विशेष प्रचार अभियान भी चलाया जा रहा है। बिहार के खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य संरक्षा दल पोस्टर, बैनर और स्टैंडी के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, स्वच्छता और रखरखाव पर विशेष ध्यान दें। किसी भी प्रतिष्ठान में गंदगी या मिलावट की आशंका होने पर तत्काल विभाग को सूचना दें।

 

मिलावट की शिकायत के लिए जारी किया गया मोबाइल नंबर

 

खाद्य संरक्षा विभाग ने मेला क्षेत्र में तैनात अधिकारियों से संपर्क करने के लिए मोबाइल नंबर 9835494598 जारी किया है। किसी भी दुकान पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री, अस्वच्छ तरीके से खाद्य सामग्री तैयार करने अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी की शिकायत इस नंबर पर की जा सकती है। विभाग ने शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

 

23 दिसंबर तक जारी रहेगा जांच अभियान

 

खाद्य संरक्षा टीम के अनुसार, सोनपुर मेला क्षेत्र में जांच एवं निगरानी अभियान 23 दिसंबर 2026 तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने के साथ दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

 

जांच दल में खाद्य संरक्षा पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, अभिहित अधिकारी नारायण राम, विष्णु भगवान सिंह सहित अन्य कर्मी शामिल हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही के मामलों पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करना है।