जाहिदा जैदी के साहित्यिक योगदान पर केंद्रित पुस्तक ‘जाहिदा जैदी: एक अध्ययन’ का लोकार्पण

♦ प्रो. अरशद मसूद हाशमी ने डॉ. शाजिया उमैर की आलोचनात्मक दृष्टि की सराहना की, कहा- रचनात्मक आलोचना का उत्कृष्ट उदाहरण है पुस्तक।

छपरा (सारण)। उर्दू साहित्य की बहुआयामी हस्ताक्षर जाहिदा जैदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित पुस्तक ‘जाहिदा जैदी: एक अध्ययन’ का लोकार्पण एक गरिमामय साहित्यिक समारोह में किया गया। पुस्तक की लेखिका डॉ. शाजिया उमैर हैं। समारोह में उपस्थित साहित्यकारों एवं शिक्षाविदों ने पुस्तक को उर्दू साहित्य और आलोचना के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय प्रयास बताया।

इस अवसर पर प्रो. अरशद मसूद हाशमी ने कहा कि जाहिदा जैदी ने कविता, नाटक, उपन्यास, आलोचना और अनुवाद जैसी विभिन्न साहित्यिक विधाओं में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके साहित्य में जीवन की जटिलताओं, मानवीय संवेदनाओं और गहन चिंतन की स्पष्ट झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि डॉ. शाजिया उमैर ने विषय की गंभीरता को समझते हुए जाहिदा जैदी की साहित्यिक उपलब्धियों का सार्थक और प्रभावशाली विश्लेषण किया है। उनकी लेखन शैली रचनात्मक आलोचना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने जाहिदा जैदी के साहित्य पर व्यापक स्तर पर शोध एवं आलोचनात्मक अध्ययन की आवश्यकता पर भी बल दिया।

 

जयप्रकाश विश्वविद्यालय के उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. मजहर किबरिया ने कहा कि जाहिदा जैदी का साहित्यिक अवदान अनेक विधाओं में विस्तृत है। उनकी रचनात्मक प्रतिभा और आलोचनात्मक योगदान को एक पुस्तक में समेटना चुनौतीपूर्ण कार्य है। डॉ. शाजिया उमैर ने इस दिशा में सराहनीय प्रयास किया है।

 

समारोह की अध्यक्षता कर रहे मानविकी संकाय के पूर्व डीन प्रो. समी अहमद ने कहा कि किसी साहित्यकार के जीवन और कृतित्व पर पुस्तक का प्रकाशन उसकी साहित्यिक विरासत को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसी पुस्तकें आने वाली पीढ़ियों को साहित्यकारों के योगदान से परिचित कराने के साथ ही शोध के नए रास्ते भी खोलती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।

 

गौरतलब है कि पुस्तक की लेखिका डॉ. शाजिया उमैर दिल्ली विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग में वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक हैं। इससे पूर्व उनकी दो पुस्तकें ‘वजीर आगा की आलोचना’ और ‘अदब व एहतिसाब’ प्रकाशित हो चुकी हैं।

 

समारोह में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षक डॉ. अलाउद्दीन खान, डॉ. सैयद अब्दुल खालिक, डॉ. हसीबुर्रहमान, डॉ. जियाउल होदा और डॉ. नवीन अंजुम सहित उर्दू विभाग के शोधार्थी लतीफुर्रहमान, शाहिद अहमद, मो. मरजान अली, रियाजुद्दीन और मजहरुल हक आदि उपस्थित थे।