♦ कम उम्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, 9 केंद्रों पर प्रतिभा खोज परीक्षा आयोजित
♦ ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने की पहल, जिला स्तरीय परीक्षा में हजारों ने लिया भाग
छपरा (सारण)। विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रतिभा को पहचानने और उनमें प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से रविवार को जिला स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन जिले के 9 परीक्षा केंद्रों पर किया गया। परीक्षा में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी केंद्रों पर परीक्षा कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई।
आयोजन समिति के सचिव शशिकांत सर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परीक्षा जिले के 9 केंद्रों पर आयोजित की गई है। इसमें ए, बी, सी, डी एवं ई, कुल पांच समूह बनाए गए थे। ग्रुप ए में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं ग्रुप बी में कक्षा 9वीं, ग्रुप सी में कक्षा 8वीं, ग्रुप डी में कक्षा 7वीं तथा ग्रुप ई में कक्षा 4वीं, 5वीं एवं 6वीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रश्नपत्र निर्धारित पाठ्यक्रम पर आधारित था, जिसमें विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान, हिंदी व्याकरण, अंग्रेजी व्याकरण एवं सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे।
आयोजन समिति के सदस्य कुंदन तिवारी ने कहा कि इस तरह की परीक्षा आयोजित करने के लिए लगभग तीन महीने तक लगातार कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। बेहतर योजना, तैयारी और सामूहिक सहयोग से ही इतना बड़ा आयोजन सफल हो पाता है। परीक्षा के संचालन में बिशेश्वर सेमिनरी के प्राचार्य सह परीक्षा केंद्र पर्यवेक्षक राजू गुप्ता सर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रतियोगी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो सिर्फ उन्हें सही मार्गदर्शन और उचित अवसर प्रदान करने की। परीक्षा केंद्रों पर केंद्राधीक्षक कुंदन तिवारी की देखरेख में परीक्षा संपन्न हुई।
अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रतिभा किसी परिचय या संसाधन की मोहताज नहीं होती। जरूरत है तो सिर्फ सही अवसर, बेहतर मार्गदर्शन और अपनी क्षमता को साबित करने के लिए एक मंच की। जिला स्तरीय प्रतिभा खोज परीक्षा के माध्यम से हमारा प्रयास है कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कम उम्र से ही प्रतियोगी परीक्षाओं का अनुभव मिले। इससे बच्चों के अंदर आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा की भावना और आगे बढ़ने का जज्बा विकसित होगा। हमारा मानना है कि आज का जागरूक और शिक्षित विद्यार्थी ही कल के सशक्त समाज एवं राष्ट्र का निर्माण करेगा।
मौखिक परीक्षा के लिए 27 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गई है। इस बार मौखिक परीक्षा सह पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन उच्च विद्यालय, मढ़ौरा में किया जाएगा। इस अवसर पर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
परीक्षा के सफल संचालन में मुख्य रूप से वीक्षक के रूप में रामबाबू सिंह, नीतीश कुमार, ई. विजय राज, अभिमन्यु विश्वकर्मा, गुड्डू कुमार एवं सौरभ श्रीवास्तव मौजूद रहे।









