बिहार राज्य जनवादी मोर्चा विकल्प की बैठक में मुजफ्फरपुर सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा

सारण में संगठन की मजबूती और स्वस्थ सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण पर दिया गया जोर, महंगी होती शिक्षा पर जताई चिंता।

छपरा (सारण)। बिहार राज्य जनवादी मोर्चा विकल्प की आवश्यक बैठक रविवार को छपरा स्थित होनेहार किंडर गार्डन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रमिक नेता डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह ने की, जबकि संगठन के राज्य सचिव बैजू कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

बैठक में आगामी 26 एवं 27 दिसंबर को मुजफ्फरपुर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन की तैयारियों, सदस्यों की भागीदारी तथा संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य सचिव बैजू कुमार ने संगठन के उद्देश्यों एवं कार्यकलापों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सारण जिले में संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि देश में बढ़ती अपसंस्कृति पर गंभीरता से विचार करने और स्वस्थ संस्कृति का निर्माण करने की आवश्यकता है। स्वस्थ सामाजिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के निर्माण से ही मौजूदा परिस्थितियों में सकारात्मक बदलाव संभव है।

वहीं, बैठक की अध्यक्षता कर रहे श्रमिक नेता डॉ. राजेंद्र प्रसाद सिंह ने देश में दिनोंदिन महंगी होती शिक्षा पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने शिक्षा को आम लोगों की पहुंच में बनाए रखने तथा सभी वर्गों के विद्यार्थियों को शिक्षा का समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

बैठक को शिक्षक नेता तसौवर हुसैन, विकल्प के उपाध्यक्ष उदय शंकर ‘गुड्डू’, साहित्यकार एवं अधिवक्ता चंद्रभूषण वर्मा, अमित प्रकाश और अयान हसन सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।