- बच्चे को उतारने के बाद बोलेरो पीछे कर रहा था चालक,हादसे के बाद ग्रामीणों ने मुख्य पथ किया जाम
- परिवहन विभाग के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया
नगरा।खैरा थाना क्षेत्र के खैरा- अख्तियारपुर मुख्य पथ पर रामपुर मठिया गांव के समीप गुरुवार को निजी स्कूल की बोलेरो की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गयी.मृतक की पहचान रामपुर मठिया गांव निवासी मुन्ना कुमार के पुत्र मयंक कुमार के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गयी,वहीं गांव में भी मातम छा गया. परिजनों के अनुसार खैरा बाजार स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल की बोलेरो छुट्टी के बाद बच्चों को उनके घर पहुंचा रही थी.रामपुर मठिया गांव के समीप मयंक को घर के सामने गाड़ी से उतारने के बाद चालक बोलेरो को पीछे करने लगा.इसी दौरान बच्चा गाड़ी की चपेट में आ गया. परिजनों के सामने ही उसकी मौके पर मौत हो गयी.
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने खैरा-अख्तियारपुर मुख्य पथ को करीब आधे घंटे तक जाम कर दिया.सूचना मिलने पर खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार एवं सीओ अजय राठौर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया.पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया.साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधि अनिल सिंह ,जोगिंद्र सिंह ,बीरेन्द्र राय,परमानन्द यादव सहित अन्य लोगों मौजूद थे.
मृतक के पिता मुन्ना कुमार दिल्ली में निजी कंपनी में काम करते हैं.घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मचा है.मां चांदनी देवी और आठ वर्षीय बड़ी बहन जानवी कुमारी का रो- रोकर बुरा हाल है.
इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है.आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.वहीं सीओ अजय राठौर ने बताया कि पीड़ित परिवार को परिवहन विभाग के प्रावधानों के तहत चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी.









