ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार की मौत,भतीजी के तिलक की खुशियां मातम में बदलीं

संवाद सूत्र, नगरा (सारण)। खैरा थाना क्षेत्र के छपरा-मढ़ौरा मुख्य पथ पर रामपुर कला गांव के समीप गुरुवार की रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मढ़ौरा थाना क्षेत्र के पटेढ़ी गांव निवासी वशिष्ठ नारायण सिंह के 38 वर्षीय पुत्र अभिमन्यु सिंह के रूप में हुई है। वह पशुपालन विभाग के एक अधिकारी का चालक था।

परिजनों के अनुसार, अभिमन्यु गुरुवार को अधिकारी के साथ सोनपुर मेला में ड्यूटी करने गया था। रात करीब 9:30 बजे वह दोस्त की बाइक से छपरा से घर लौट रहा था। इसी दौरान तुजारपुर पोखरा के समीप एक ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वह ट्रैक्टर में फंस गया। आरोप है कि चालक रामपुर कला के समीप उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गया।

उधर, एक टेंपो चालक ने सड़क पर पड़े युवक को देखकर डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजन को सौंप दिया गया है।

घटना से परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार को ही मृतक की भतीजी का तिलक समारोह होना था। मृतक अपने पीछे एक वर्षीय पुत्र छोड़ गया है।