इसुआपुर (सारण): सारण जिले के इसुआपुर बाजार में चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। गुरुवार की रात अज्ञात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। वहीं, एक अन्य दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया। इस घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने बाजार स्थित श्रीराम इंटरप्राइजेज एवं साइबर कैफे का दरवाजा और ताला तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखे 82 हजार रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामानों की चोरी कर ली। इतना ही नहीं, चोरों ने दुकान में रखे कंप्यूटर मॉनिटर को पटक-पटक कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस संबंध में दुकान के प्रोपराइटर अजय कुमार ने इसुआपुर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जाता है कि चोरों ने बगल की पान एवं जनरल स्टोर की दुकान का ताला तोड़कर भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। वहीं, किसान ट्रैक्टर की दुकान के शटर में लगे ताले को तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया।
दुकानदार अजय कुमार ने बताया कि गुरुवार की शाम वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार की सुबह जब दुकान पहुंचे तो ताला टूटा हुआ था और दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर 82 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान गायब मिले। कंप्यूटर मॉनिटर भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ा था।
चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में आक्रोश
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इसुआपुर बाजार के व्यवसायियों में भय का माहौल है। दुकानदारों का कहना है कि अभी ठंड का मौसम ठीक से शुरू भी नहीं हुआ है और चोरों ने बाजार में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। ऐसे में कड़ाके की ठंड के दौरान दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दुकानदार श्रवण कुमार, रंजय कुमार तिवारी, राहुल राय, रामजी प्रसाद, रामबाबू कुशवाहा, नवनीत सिंह, डॉ. नागेंद्र राय एवं सत्यदेव प्रसाद सहित अन्य व्यवसायियों ने घटना पर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्द कार्रवाई कर चोरों तक पहुंच पाती है और बाजार के दुकानदारों को सुरक्षा का भरोसा दिला पाती है।









