सारण । खैरा थाना पुलिस ने शुक्रवार को अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को 40 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया, जबकि जमीन विवाद के मामले में दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, खैरा थाना क्षेत्र के खैरा भट्ठी मोड़ गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। इस दौरान लालदास नट को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके घर से 40 लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, थाना क्षेत्र के भीखमपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो लोगों के बीच उत्पन्न विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की। इस मामले में याजुद्दीन और मैनुद्दीन को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









