रूपेश मिश्रा, (कटिहार)बिहार : माता की प्रतिमा से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण व 7500 रुपये बरामद।
कटिहार सहायक थाना क्षेत्र के हरिशंकर नायक विद्यालय परिसर स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर मंदिर से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 7500 रुपये नकद समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, चार अक्टूबर की रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर माता की प्रतिमा से सोने एवं चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे। घटना को लेकर सहायक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया।
टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अभिषेक कुमार उर्फ भुनाल और चंदन कुमार के घर छापेमारी की। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के सामान बरामद किए गए। घटना में शामिल दो महिला आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया।
पहले भी चोरी के मामले में जा चुके हैं जेल
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों पुरुष आरोपित पूर्व में हरिशंकर नायक विद्यालय परिसर से पंखा, मोटर समेत अन्य सामान चोरी करने के मामले में न्यायिक हिरासत में जा चुके हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने एक मांगटीका, एक नथ, मोती लगा चांदी का हार, 7500 रुपये नकद, घटना के समय आरोपितों द्वारा पहने गए कपड़े और एक लोहे का रॉड बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।









