कटिहार में SIR के खिलाफ सड़क पर उतरा ‘इंडिया’ गठबंधन।

रूपेश मिश्रा, कटिहार (आर एन एन): विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की आड़ में मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कटिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटकों ने जोरदार हुंकार भरी। नगर निगम परिसर से शुरू हुआ यह विशाल विरोध मार्च शहीद चौक तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी मतदाता सूची की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, राजद जिला अध्यक्ष इशरत परवीन, सीपीआई (एम) के जिला सचिव विनोदानंद साहऔर सीपीआई के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से वैध वोटरों के नाम हटाने की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही, दिल्ली में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिए जाने की कड़ी निंदा की गई।

इस मौके पर कांग्रेस के सांसद प्रतिनिधि सुनील यादव, प्रदेश प्रवक्ता प्रेम राय, डॉ. विपिन कुमार सिंह, सौरव कुमार, अल्तमश दीवान, मसरूर आलम, राजद युवा नेता आशु पांडे, जिला महासचिव राजेश कुमार यादव, मीनाक्षी श्वेता और तौकीर आलम समेत गठबंधन के तमाम प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।