सेवा के रंग, राष्ट्र के संग—आभार और संकल्प की रंगोली में दिखी विकसित भारत की झलक

रूपेश मिश्रा| कटिहार : सेवा एवं समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कटिहार नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत मिरचाईबाड़ी स्थित हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग—आभार और संकल्प की रंगोली” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में माननीय प्रभारी मंत्री श्री प्रमोद चन्द्रवंशी, सदर विधायक श्री तारकेश्वर प्रसाद, माननीय महापौर श्रीमती ऊषा देवी अग्रवाल, नगर आयुक्त श्री संतोष कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यगण एवं पार्षदगण सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से डिजिटल इंडिया, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, जनकल्याण, जनभागीदारी तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को रंगोली के माध्यम से बेहद सुंदर एवं आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया।

माननीय अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न रंगोलियों का अवलोकन किया गया तथा उनकी कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और सामाजिक जागरूकता की सराहना की गई। रंगोलियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, सेवा, समर्पण, महिला सशक्तिकरण एवं विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया। स्टॉलों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के बीच सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को और मजबूत किया। रंगोलियों में उभरकर आए संदेशों ने ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जनभागीदारी के साथ साकार करने की प्रेरणा दी।