रूपेश मिश्रा, कटिहार, रोशना थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए टेम्पो से 116.655 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को रोशना थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि एक टेम्पो पर सवार दो लोग थाना गेट की ओर से अवैध विदेशी शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने थाना गेट के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान टेम्पो पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस बल के सहयोग से दोनों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान महेश कुमार दास (30) और रोशन कुमार (22) के रूप में हुई है। दोनों कदवा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने टेम्पो की तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखी गई 116.655 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब और टेम्पो को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा है










