Crime News Saran : सारण में कार में चली गो-ली, एक युवक की मौ-त, दूसरा पटना रेफर.

News4Bihar: सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के जलालपुर चौक के पास शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार के अंदर अचानक गोली चल गई। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर अवस्था में पटना रेफर किया गया है।

मृतक की पहचान भेल्दी थाना क्षेत्र के खरीदहा गांव निवासी राहुल पांडेय, पिता विनोद पांडेय, के रूप में की गई है। वहीं घायल युवक उसी गांव का रहने वाला कृष्णकांत पांडेय उर्फ सूरज पांडेय, पिता सुधांशु पांडेय, बताया जा रहा है।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और इलाके में दहशत का माहौल फैल गया। सूचना पाकर भेल्दी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु पटना रेफर किया गया है।

फिलहाल गोली चलने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आपसी विवाद और पुरानी रंजिश से जोड़कर देख रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

पुलिस ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से कार को जब्त कर लिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।