सारण में दो दिवसीय किसान मेला शुरू, किसानों ने प्रदर्शित की अपनी उत्कृष्ट कृषि उपज

छपरा। सारण जिले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और उन्नत खेती के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संयुक्त कृषि भवन, बाजार समिति, छपरा में दो दिवसीय किसान मेला-सह-फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।

मेले का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती जयमित्रा देवी एवं संयुक्त निदेशक (शस्य) श्री अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे किसानों ने अपनी उत्कृष्ट कृषि उपज, फल, फूल एवं सब्जियों का प्रदर्शन किया।

किसान मेले में विभिन्न विभागों एवं कृषि यंत्र विक्रेताओं द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत कृषि तकनीकों, सरकारी विभागीय योजनाओं तथा वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की जानकारी दी जा रही है।

इस दौरान किसानों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग कर कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के बारे में भी जागरूक किया गया।

इस दो दिवसीय किसान मेले का उद्देश्य किसानों को नई तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों और सरकारी योजनाओं से जोड़कर कृषि उत्पादन एवं किसानों की आय में वृद्धि के लिए प्रेरित करना है।