34 साल पुराने जमीन विवाद का हुआ शांतिपूर्ण समाधान, दोनों पक्षों में बनी सहमति

:News4Bihar/किशनगंज: ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र के कनकपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 7 के जामनीगुड़ी गांव में करीब 34 वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद का आखिरकार आपसी सहमति से शांतिपूर्ण समाधान हो गया। विवाद समाप्त होने के बाद दोनों पक्षों के साथ ग्रामीणों में भी खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मामले के समाधान के लिए समाज के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की गई। मुखिया प्रतिनिधि सोहेल उर्फ राजा और समाजसेवी मोहम्मद कलाम की अध्यक्षता में जमीन से संबंधित दस्तावेजों का मिलान किया गया।

इसके बाद स्थानीय अमीन बासु मंडल और अमीन मोहम्मद ताजुद्दीन ने मौके पर पहुंचकर जमीन की मापी की। कागजात और मापी के आधार पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और विवाद का समाधान कराया गया। जमीन की सीमा स्पष्ट करने के लिए मौके पर पिलर भी गाड़ दिया गया।

समझौते के बाद प्रथम पक्ष इमामुद्दीन के वारिसों को जमीन पर दखल-कब्जा दिलाया गया। वर्षों पुराने विवाद के समाप्त होने पर दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली।

वहीं, ग्रामीणों ने समाज के गणमान्य लोगों और अमीनों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आपसी बातचीत और समझदारी से पुराने विवादों का शांतिपूर्ण समाधान संभव है। 34 साल पुराने विवाद का इस तरह समाधान होना क्षेत्र में आपसी सौहार्द और भाईचारे का सकारात्मक संदेश देता है।