रूपेश मिश्रा (कटिहार) स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम कटिहार की ओर से शुक्रवार को वार्ड संख्या 7 में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर आयुक्त संतोष कुमार एवं वार्ड पार्षद आलोक वर्मा ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण की अपील की गई। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है।
वार्ड पार्षद आलोक वर्मा ने वार्डवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का आह्वान किया। नगर निगम की ओर से बताया गया कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से शहरवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।










