रूपेश मिश्रा,(कटिहार)बिहार | कटिहार रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को ट्रेन संख्या 13159 कोलकाता-जोगबनी एक्सप्रेस के पहुंचने पर एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री को स्ट्रोक आने की सूचना मिलते ही आरपीएफ की मेरी सहेली टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
यात्री की पहचान मालदा निवासी करीब 50 वर्षीय तेजन मंडल के रूप में हुई। वह सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर रहे थे। स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद आरपीएफ की एलएसआई सारिका कुमारी और उनकी टीम ने तत्काल यात्री को संभाला और जरूरत पड़ने पर सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) दिया।
आपात स्थिति को देखते हुए वाणिज्यिक नियंत्रण कक्ष को सूचना देकर डॉक्टर और एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए कहा गया। एंबुलेंस उपलब्ध होने में देरी को देखते हुए आरपीएफ अधिकारियों और जवानों की मदद से यात्री को तत्काल सदर अस्पताल, कटिहार पहुंचाया गया, जहां उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
बताया गया कि फिलहाल यात्री की स्थिति सामान्य है और उनका इलाज चल रहा है। उनके पुत्र को भी सूचना देकर सदर अस्पताल पहुंचने को कहा गया है। पूछताछ में पता चला कि तेजन मंडल को करीब छह माह पूर्व भी स्ट्रोक आया था। वह अपनी पत्नी के आंखों के इलाज के लिए नेपाल जा रहे थे।









