- महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों से अपेक्षित लाभ नहीं मिलने की उठाई आवाज
राजेश मिश्रा | औरंगाबाद/देव : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर देव प्रखंड की हसौली पंचायत के रावल बिगहा स्थित पंचायत सरकार भवन में शुक्रवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। इस दौरान विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) के तहत जनभागीदारी से पंचायत के समग्र विकास की योजना तैयार करने पर जोर दिया गया।मुखिया ललिता देवी ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नशामुक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की।ग्राम सभा के दौरान महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्रों से अपेक्षित लाभ नहीं मिलने की शिकायत रखी।उन्होंने कहा कि सरकार की कई योजनाओं का समुचित लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। इस पर मुखिया प्रतिनिधि वीरेंद्र यादव ने ग्रामीणों को समस्याएं सामने रखने की अपील करते हुए उनके समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।ग्राम सभा में पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, कृषि एवं आजीविका, सामाजिक विकास और पर्यावरण संरक्षण समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई। स्थानीय जरूरतों और समस्याओं की पहचान कर पंचायत की विकास योजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।मौके पर मुखिया ललिता देवी, मुखिया प्रतिनिधि वीरेंद्र यादव, पंचायत सचिव योगेंद्र सिंह, पंचायत रोजगार सेवक संतोष सोनी, इंदिरा आवास से जुड़े अजय प्रभात, सलाहकार शैलेंद्र मौर्य, जीआरएस जी राम, बीएफटी मनीष कुमार समेत अन्य कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे










