छपरा। राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए समिति अधिनियम के तहत पदाधिकारियों की पांचवीं सूची जारी की है। राष्ट्रीय प्रवक्ता बंबू यादव के प्रस्ताव पर राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव के अनुमोदन के बाद राष्ट्रीय महासचिव भानु प्रताप सिंह ने 1 अक्टूबर को नवनियुक्त पदाधिकारियों की सूची जारी की।
जारी सूची के अनुसार बिहार के सारण (छपरा) से युवा पत्रकार रणजीत सिंह को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं संकल्प कुमार दीक्षित को उन्नाव, संजय कुमार यादव को अमेठी, रामकृपाल विश्वकर्मा को सिद्धार्थनगर, ताराशंकर तिवारी को भदोही तथा सुभाष सिंह को अयोध्या का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा गोंडा से रंजीत एवं अरविंद शर्मा को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
राष्ट्रीय महासचिव भानु प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन के विस्तार तथा पत्रकारों के हितों को मजबूती देने के उद्देश्य से निर्धारित प्रक्रिया के तहत नियुक्तियां की जा रही हैं। नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन के संविधान एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने, पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की अपेक्षा की गई है।
उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उम्मीद जताई कि सभी पदाधिकारी पत्रकारों के सम्मान एवं हितों की रक्षा तथा निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
रणजीत सिंह को बधाई, पत्रकार हित में बेहतर कार्य की उम्मीद
सारण के पत्रकार रणजीत सिंह को मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर जिले के पत्रकारों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की सारण इकाई के महासचिव सह संयोजक पंकज श्रीवास्तव ने रणजीत सिंह को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना की।
पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि रणजीत सिंह पत्रकार हितों के लिए लगातार सक्रिय रहे हैं। मंडल अध्यक्ष की नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनसे पत्रकार समुदाय के कल्याण और समस्याओं को मजबूती से उठाने की दिशा में और बेहतर कार्य की उम्मीद है।










