बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डीएम-एसएसपी का संयुक्त निरीक्षण, राहत-बचाव कार्यों को लेकर दिए जरूरी निर्देश

छपरा, सारण जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों एवं तटबंधों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ राहत केंद्रों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री एवं सुविधाएं समय पर पहुंचाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।

संक्रमण से बचाव के लिए ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव का निर्देश

जलजमाव वाले क्षेत्रों में संक्रमण एवं बीमारियों की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का निर्देश दिया। साथ ही प्रभावित इलाकों में पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीमों की तैनाती, आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता तथा जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। पशु चिकित्सा केंद्रों एवं पशु चारा केंद्रों के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

48 NDRF-SDRF टीमें राहत-बचाव में तैनात

जिला प्रशासन के अनुसार वर्तमान में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में NDRF एवं SDRF की कुल 48 टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। इसके अलावा शुक्रवार रात तक 11 अतिरिक्त NDRF टीमें सारण पहुंचने की संभावना है।

अतिरिक्त टीमों के पहुंचने के बाद आवश्यकता के अनुसार उन्हें विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इनमें 5 टीमें परसा, 3 मकेर, 2 दरियापुर और 1 टीम पानापुर में तैनात की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों की सुरक्षा, सुरक्षित निष्क्रमण, राहत एवं बचाव, स्वास्थ्य सुविधाएं, पशुओं के लिए चारा एवं चिकित्सा तथा अन्य जरूरी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।