सारण में मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक, नकारात्मक खबरों पर त्वरित कार्रवाई का निर्देश

  • सारण में मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक, नकारात्मक खबरों पर त्वरित कार्रवाई और तथ्यात्मक खंडन का निर्देश

छपरा, 1 सितंबर 2026। सारण जिले में मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित खबरों की निगरानी को लेकर मंगलवार को मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त, सारण ने की।

बैठक में जिले से संबंधित प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सामने आ रही खबरों की समीक्षा की गई। खास तौर पर नकारात्मक समाचारों में उठाए गए मुद्दों और उन पर संबंधित विभागों की ओर से की गई कार्रवाई की स्थिति की जानकारी ली गई।

समयबद्ध अनुपालन रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश

उप विकास आयुक्त ने मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी के नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर नियमित रूप से अनुपालन प्रतिवेदन तैयार किया जाए। साथ ही संबंधित विभागों और पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक रिपोर्ट समयबद्ध तरीके से प्राप्त करने को कहा गया।

गलत तथ्यों पर प्रमाणिक जानकारी के आधार पर होगा खंडन

बैठक में यह भी स्पष्ट निर्देश दिया गया कि यदि किसी समाचार में प्रशासन या संबंधित विभाग से जुड़े तथ्यों को सही परिप्रेक्ष्य में प्रस्तुत नहीं किया गया है, तो ऐसे मामलों में तथ्यात्मक और प्रमाणिक जानकारी के आधार पर आवश्यक खंडन कराया जाए। यह खंडन संबंधित प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित एवं प्रसारित कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जनहित से जुड़े मामलों पर त्वरित संज्ञान

बैठक में मीडिया में प्रकाशित एवं प्रसारित समाचारों पर लगातार प्रभावी निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

साथ ही आम लोगों तक प्रशासन की ओर से सही, प्रमाणिक और अद्यतन जानकारी पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी द्वारा जिले से संबंधित समाचारों की नियमित निगरानी करते हुए प्राप्त मामलों पर कार्रवाई, अनुपालन रिपोर्ट और आवश्यक तथ्यात्मक स्पष्टीकरण की प्रक्रिया को प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से जारी रखने की बात कही गई।