- शिविरों में प्राप्त शिकायतों का यथासंभव मौके पर किया गया समाधान, लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन के दिए गए निर्देश
छपरा । मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में तथा सारण जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार मंगलवार को सारण जिले के सभी 20 प्रखंडों की एक-एक चयनित पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को स्थानीय स्तर पर सुनना, संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के माध्यम से उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना तथा पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।
सारण जिले के सभी 20 प्रखंडों की चयनित पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लिया और अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखा। विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का विभागवार संज्ञान लेते हुए यथासंभव मौके पर ही निष्पादन एवं समाधान किया गया। जिन मामलों का तत्काल निष्पादन संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजते हुए नियमानुसार समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इन पंचायतों में आयोजित हुआ सहयोग शिविर
सहयोग शिविर का आयोजन मशरक प्रखंड की सोनौली पंचायत, पानापुर की सतजोरा पंचायत, तरैया की चैनपुर पंचायत, इसुआपुर की निपानिया पंचायत, बनियापुर की मरिचा पंचायत, लहलादपुर की दन्दासपुर पंचायत, एकमा की पचुआ पंचायत, मांझी की डुमरी पंचायत, जलालपुर की रामपुर नूर नगर पंचायत, रिविलगंज की टेक निवास पंचायत, छपरा सदर की महाराजगंज पंचायत, नगरा की डुमरी पंचायत, मढ़ौरा की सिल्हौरी पंचायत, अमनौर की पैगा मित्रसेन पंचायत, मकेर की पीर मकेर पंचायत, परसा की परसौना पंचायत, दरियापुर की मनपुरा पंचायत, गरखा की श्रीपाल बसंत पंचायत, दिघवारा की रामपुर आमी पंचायत तथा सोनपुर की नजरमीरा पंचायत में किया गया।
शिविरों में आमजन की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी भी दी गई। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से प्रखंड एवं जिला कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े तथा स्थानीय स्तर पर ही उनकी समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके। सहयोग शिविर इसी दिशा में प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत एवं आवेदन का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों एवं आम नागरिकों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया।










