इसुआपुर (सारण)। प्रखंड क्षेत्र की निपनिया पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता निपनिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि पन्नालाल राय ने की।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ई० सत्यम सिंह ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों की ओर से विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें योजना एवं विकास विभाग के 4, सांख्यिकी विभाग के 3, समाज कल्याण विभाग के 15, आपूर्ति विभाग के 4, बिजली विभाग के 2 और पंचायती राज विभाग के 6 आवेदन शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्राप्त आवेदनों में से 27 मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

राशन, आवास और बिजली समेत कई समस्याएं पहुंचीं अधिकारियों तक
सहयोग शिविर में ग्रामीणों ने राशन, आवास, जमीन से जुड़ी समस्याओं, बिजली, स्वच्छता और सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा।
शिविर में मनरेगा के पीओ, आवास सहायक दिनेश कुमार, आवास पर्यवेक्षक संतोष कुमार, पीआरएस जयेंद्र कुमार, पंचायत सचिव वीर बहादुर राम, एलएस अर्चना कुमारी, एलईओ विभाग के राजीव रंजन प्रसाद, पीटीए रंजीत कुमार, एलएसबीए रानी कुमारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक किशन कुमार सिंह और नल-जल विभाग के अंकित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द कार्रवाई की जा रही है।










