Katihar news | कटिहार में अतिक्रमण पर सख्ती, सड़क नालों से हटाया गया कब्जा, फाइन से मची खलबली

News4Bihar  | कटिहार नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शहर की सड़कों और नालों पर अस्थाई रूप से किए गए कब्जों को हटाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नगर निगम की टीमें मैदान में उतरीं और कई इलाकों में बुलडोजर की मौजूदगी ने अतिक्रमणकारियों की धड़कनें बढ़ा दीं। हालांकि मौके पर मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद नगर निगम अधिकारी अजय सिंह ने स्पष्ट किया कि इसे “बुलडोजर अभियान” कहना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि यह नगर निगम की नियमित कार्रवाई है, जो सप्ताह में दो दिन लगातार चलती है। इसका उद्देश्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना और आम लोगों को जाम व गंदगी से राहत दिलाना है।अभियान के दौरान सड़क और नालों के ऊपर रखे गए ठेले, अस्थाई दुकानें, शेड और अन्य अवैध निर्माण हटाए गए। सिर्फ हटाने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही बल्कि अतिक्रमण करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया। नगर निगम की इस सख्ती से अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण के कारण न सिर्फ यातायात बाधित होता है बल्कि नालों के जाम रहने से जलजमाव और गंदगी की समस्या भी बढ़ती है। इसलिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साफ संदेश है अब नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई तय है और शहर की सूरत बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।