Saran news | सारण के लाल बने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट, मढ़ौरा के रोहन कुमार ने रचा इतिहास

News4Bihar   |  सारण : सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड अंतर्गत तेजपुरवा टोला चैनपुर निवासी रोहन कुमार ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे मढ़ौरा प्रखंड और सारण जिले के लिए गर्व का विषय है।

रोहन के पिता जितेन्द्र कुमार सिंह दैनिक मजदूर हैं, जबकि माता सविता देवी आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं। आर्थिक चुनौतियों के बीच माता-पिता के संघर्ष, सहयोग और प्रोत्साहन से रोहन ने अपनी पढ़ाई जारी रखी और लक्ष्य की ओर लगातार बढ़ते रहे।

रोहन ने वर्ष 2014 में आवासीय बाल ज्ञान प्रतियोगिता निकेतन, महमदा से अपनी शिक्षा की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने सैनिक स्कूल, केरल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। कठिन परिश्रम के दम पर उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की परीक्षा पास की और सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण कर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर चयनित हुए।

लेफ्टिनेंट बनने के बाद जब रोहन अपने संस्थान पहुंचे तो वहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मेहनत, टीमवर्क, अनुशासन और सकारात्मक सोच के महत्व पर जोर दिया तथा लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

रोहन कुमार की इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे मढ़ौरा प्रखंड और सारण जिले में खुशी की लहर है। लोग उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बता रहे हैं, जिन्होंने यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन और मेहनत से कोई भी सपना साकार किया जा सकता है।