- एकमा में गांधी-शास्त्री जयंती पर दोनों विभूतियों को किया गया नमन, महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने का सांसद सिग्रीवाल ने किया आह्वान
- कांग्रेसी नेता नरेंद्र प्रताप मिश्र ने भी आयोजित किया जयंती कार्यक्रम
रिपोर्ट: के. के. सिंह सेंगर, एकमा (सारण)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को एकमा नगर सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर उनकी जयंती के अवसर पर दोनों विभूतियों के चित्रों पर अपना श्रद्धा सुमन अर्पण कर श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इसी क्रम में विभागीय निर्देशानुसार एकमा के सरकारी विद्यालयों में अवकाश के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस का आयोजन किया गया। उधर कांग्रेसी नेता नरेंद्र प्रताप मिश्रा की ओर से एकमा के एक विवाह भवन में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों विभूतियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इसी क्रम में नगर पंचायत एकमा बाजार के वार्ड नंबर 13 में राजापुर पोखरा के समीप स्थित लीला पैलेस में जयंती समारोह आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराजगंज के भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मंच की अध्यक्षता भाजपा नेता अखिलेश्वर प्रसाद भोला एवं संचालक लोक गायक रमेश सजल ने किया। इस दौरान गांधी जी का प्रिय भजन – रघुपति राघव राजा राम पतित पावन सीताराम…. । का सामूहिक स्वर में गायन किया गया।
सत्य, अहिंसा और सादगी के संदेश को सांसद ने प्रासंगिक बताया:
इस अवसर पर आयोजित एक संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने सत्य, अहिंसा और सादगी के संदेश को बताया प्रासंगिक बताया।
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सत्याग्रह के माध्यम से देश को नई दिशा दी। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि गांधीजी के स्वच्छ एवं समतामूलक भारत के सपने और शास्त्रीजी के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।
महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में उतारने की अपील
सांसद ने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारकर देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विकास, गरीब कल्याण, स्वच्छता, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।
भाजपा नेताओं ने भी रखे विचार:
समारोह को भाजपा नेता अविनाश चंद्र उपाध्याय एवं बंटी ओझा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जेपी सेनानी डॉ. रामजी तिवारी, डॉ अमित तिवारी, भाजपा नेता अविनाश चंद्र उपाध्याय, बंटी ओझा, सूर्य नंदन शाही, प्रमोद कुमार सिंह, विकास कुमार मिश्रा, सुनील सिंह, मुकेश कुमार सिंह, डॉ. अभिषेक सिंह, रवि कुंवर, प्रदीप कुमार पप्पू, मनीष कुमार पांडेय, रोहित कुमार सिंह उर्फ छोटू नेता, शशि सिंह, आशीष मिश्रा, बीरेंद्र सिंह, राजेश सोनी, सुनील सिंह कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं अन्य लोग मौजूद रहे।










