पंजाब से घर लौट रहा मजदूर बेहोशी की हालत में मिला, नशाखुरानी गिरोह की आशंका

News4Bihar| सारण।नगरा थाना क्षेत्र के अफौर रामाचौरा गांव के समीप गुरुवार को नगरा थाना के डॉयल 112 कि पुलिस ने बेहोशी की हालत में पड़े एक व्यक्ति को बरामद कर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में भर्ती कराया.करीब चार घंटे बाद उसकी पहचान बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र के राजीपट्टी गांव निवासी 50 वर्षीय मुकेश राम के रूप में हुई.बताया गया कि मुकेश राम पंजाब में मजदूरी करते थे और वहां से अपने घर लौट रहे थे.इसी दौरान गुरुवार की सुबह छपरा जक्शन से वाहन से सवार होकर चले और अफौर रामाचौरा के समीप वह बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले.स्थानीय लोगों की सूचना पर नगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सीएचसी नगरा पहुंचाया.सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विनोद कुमार ने उनका प्राथमिक उपचार किया.हालांकि उपचार के बाद भी उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी और वह बेहोशी की हालत में ही रहे.घटना की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मुकेश राम के पास मौजूद नकद रुपये, बैग और मोबाइल फोन गायब हैं.परिजनों ने आशंका जताई कि वह नशाखुरानी गिरोह का शिकार हुए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है तथा व्यक्ति के होश में आने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.