जीप सदस्या ने थानाध्यक्ष पर धमकी देने और FIR के लिए रुपये मांगने का लगाया आरोप, एसएसपी से शिकायत

तरैया,(सारण)। जिले के तरैया पूर्वी भाग के जिला पार्षद हरिशंकर सिंह उर्फ हरि सिंह ने तरैया थानाध्यक्ष पर धमकी देने और प्राथमिकी दर्ज करने के लिए रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।

इस सम्बन्ध जिला पार्षद सदस्य ने सारण एसएसपी को एक शिकायती पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायती पत्र की प्रतिलिपि डीआईजी और डीजीपी को भी भेजी गई है।

आरोप है कि दीपावली कि रात तरैया बाजार में एक मिठाई दुकानदार के पुत्र राजा कुमार गुप्ता की पुलिस जवानों द्वारा बेरहमी से पिटाई कर दी गयी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पीड़ित दुकानदार तरैया निवासी कामेश्वर साह का पुत्र राजा कुमार गुप्ता है।

घटना की जानकारी जिला पार्षद को मिलने पर जनप्रतिनिधि होने के नाते वह मामले की शिकायत करने तरैया थानाध्यक्ष के पास पहुंचे थे, लेकिन उस समय थानाध्यक्ष उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी स्थानीय मीडिया को दी।

घटना की जानकारी मीडिया को देने की बात थानाध्यक्ष को पता चलने के बाद वे उन्हें और उनके पुत्र पैक्स अध्यक्ष राहुल सिंह को धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि थानाध्यक्ष कह रहे हैं कि इसका अंजाम ठीक नहीं होगा।

वहीं जिला पार्षद ने आरोप लगाया है कि वर्तमान थानाध्यक्ष बिना रुपये लिए प्राथमिकी दर्ज नहीं करते, प्राथमिकी के लिए 10 हजार रुपये मांगते है।

जिला पार्षद सदस्य ने जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जनहित में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

वहीं, इस मामले में तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने जिला पार्षद द्वारा लगाये गये आरोपों को एक सिरे से खारिज करते हुए उन्हें बेबुनियाद बताया है।