•सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश, यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
छपरा। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर यात्रियों की बढ़ती भीड़ एवं सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री रोशन कुमार ने छपरा जंक्शन का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में यात्रियों की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतें।
प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन कोई कोताही नहीं बरतना चाहता।









