दीपावली पर बुझा घर का चिराग, बरेली की रामगंगा नदी में मिला इसुआपुर के राहुल का शव
इसुआपुर (सारण)। दीपावली के दिन उत्तर प्रदेश के बरेली में रामगंगा नदी से इसुआपुर के एक युवक का शव बरामद होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान इसुआपुर थाना क्षेत्र के शुम्भा गांव निवासी विनायक सिंह के 34 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार सिंह हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित मनु इलेक्ट्रिकल कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के मुताबिक, वह दो नवंबर को बरेली गए थे। रविवार को दीपावली के दिन रामगंगा नदी से उनका शव बरामद किया गया। राहुल की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। मां मीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
दो भाइयों में बड़े राहुल परिवार की उम्मीद थे। उनके भाई ऋतुराज कुमार सिंह ने कंपनी प्रबंधन पर काम का अत्यधिक दबाव बनाने और घटना के बाद लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वहीं, मृतक के पिता विनायक सिंह ने बरेली के भमौरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर कंपनी मालिक जगवीर सिंह पर अत्यधिक काम का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप है कि काम के दबाव और मानसिक तनाव के कारण राहुल ने यह कदम उठाया। हालांकि, उनकी मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
फोटो कैप्शन: मृतक राहुल कुमार सिंह का फाइल फोटो।









