शामकौरिया रेलवे स्टेशन पर पटना-थावे सवारी ट्रेन का ठहराव शुरू, सांसद सिग्रीवाल ने दिखाई हरी झंडी; यात्रियों को बड़ी सौगातसिग्रीवाल ने दिखाई हरी झंडी; यात्रियों को बड़ी सौगात

इसुआपुर (सारण)। तरैया विधानसभा क्षेत्र के इकलौते रेलवे स्टेशन शामकौरिया पर शनिवार से 5515 पटना-थावे सवारी गाड़ी एवं 5516 थावे-पटना सवारी गाड़ी का आधिकारिक ठहराव शुरू हो गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वाराणसी मंडल के एडीआरएम अशोक कुमार वर्मा ने की, जबकि संचालन रेल अधिकारी अमन श्रीवास्तव ने किया।

सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि शामकौरिया रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन के ठहराव की मांग क्षेत्रवासी लंबे समय से कर रहे थे। रेलवे मंत्रालय द्वारा इस मांग को मंजूरी मिलने से इसुआपुर एवं आसपास के हजारों यात्रियों को अब आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं को लेकर उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा तथा भविष्य में भी रेलवे सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।

सांसद ने भाजपा पश्चिमी सारण के जिला मंत्री कुंवर सोनू सिंह की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराते रहे हैं और इस ट्रेन के ठहराव की मांग को मजबूती से उठाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

इस दौरान कुंवर सोनू सिंह ने सांसद को विभिन्न जनहित मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में गोमती नगर एक्सप्रेस का शामकौरिया स्टेशन पर ठहराव, छपरा आने-जाने के लिए दो जोड़ी मेमू ट्रेनों का परिचालन, स्टेशन के दक्षिणी रेलवे फाटक के दोनों ओर संपर्क सड़क का निर्माण, सुरक्षित आवागमन के लिए रेलवे ओवरब्रिज या अंडरब्रिज का निर्माण, आरक्षण काउंटर की स्थापना तथा स्टेशन के पश्चिम स्थित रेलवे की खाली भूमि पर पर्यावरण अनुकूल उद्यान एवं ओपन योगा सेंटर विकसित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं।

कार्यक्रम के बाद सांसद सिग्रीवाल ने स्वयं रेलवे टिकट काउंटर पर पहुंचकर अपने समर्थकों के साथ राजापट्टी रेलवे स्टेशन जाने के लिए टिकट खरीदा और इसी सवारी गाड़ी से रवाना हुए। राजापट्टी स्टेशन पर भी इस ट्रेन के ठहराव के शुभारंभ कार्यक्रम में उन्हें शामिल होना था।

समारोह में रेलवे के सहायक सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार, स्टेशन प्रबंधक अरुण कुमार, आरपीएफ सुपरिटेंडेंट हुसैन मंसूरी, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, भाजपा जिला मंत्री कुंवर सोनू सिंह, भाजपा नेता संजय सिंह, विजय सिंह, रत्नेश भास्कर, धीरज सिंह, नंदकिशोर सिंह, उमा सिंह, बीडीओ सिंह, अशोक सिंह, राकेश सिंह सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।