NEET में 569 अंक लाकर शाहबाज आलम ने बढ़ाया जिले का गौरव, बोले- गरीबों की सेवा करने वाला डॉक्टर बनना है सपना

● धूलाबाड़ी गांव में जश्न का माहौल, पूर्व मुखिया समेत गणमान्य लोगों ने माला पहनाकर व गुलदस्ता भेंट कर किया सम्मानित

News4Bihar | ठाकुरगंज प्रखंड क्षेत्र की सखुआडाली पंचायत के वार्ड संख्या-6 स्थित धूलाबाड़ी गांव के होनहार छात्र मोहम्मद शाहबाज आलम ने नीट (NEET) परीक्षा में 569 अंक प्राप्त कर अपने परिवार, गांव और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। शाहबाज की इस उल्लेखनीय सफलता से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिणाम घोषित होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और माला पहनाकर, गुलदस्ता भेंट कर तथा मिठाई खिलाकर उनका भव्य स्वागत किया।

शाहबाज, लाल मोहम्मद के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य तय कर ईमानदारी, अनुशासन और लगातार मेहनत करने से हर मुकाम हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, “मेरा सपना एक कुशल डॉक्टर बनकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सेवा करना है। नीट में मिली इस सफलता ने मेरी जिम्मेदारी और बढ़ा दी है। अब मैं पहले से अधिक मेहनत कर अपने लक्ष्य को पूरा करूंगा।”

शाहबाज ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि यदि छात्र आत्मविश्वास, सही रणनीति और नियमित अध्ययन के साथ तैयारी करें तो कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती। उन्होंने सम्मानित करने पहुंचे सभी लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

पूर्व मुखिया जमील अख्तर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के छात्र द्वारा नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करना पूरे इलाके के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि शाहबाज भविष्य में एक सफल चिकित्सक बनकर समाज और देश की सेवा करेंगे।

वहीं शिक्षक जाहिद आलम ने कहा कि शाहबाज की उपलब्धि गांव के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी शहर की मोहताज नहीं होती, सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

इस अवसर पर मोहम्मद शोएब आलम, मोहम्मद नवेद आलम, मोहम्मद सिपटन रजा, मोहम्मद इस्तियाक सहित कई गणमान्य लोगों ने शाहबाज को माला पहनाकर और गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शाहबाज की इस सफलता से उनके घर में उत्सव जैसा माहौल रहा। परिवार और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि शाहबाज अपना डॉक्टर बनने का सपना साकार कर न केवल अपने माता-पिता और जिले का नाम रोशन करेंगे, बल्कि जरूरतमंद मरीजों की सेवा कर समाज के लिए मिसाल भी बनेंगे।