■ सिविल सर्जन डॉ. सागर दुलाल सिन्हा ने दी विशेष अभियान की जानकारी.
News4Bihar: राज्य सरकार हर नागरिक को मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लक्ष्य के तहत आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विशेष अभियान शुरू कर रही है। जिले के सभी पंचायतों में 26 से 28 मई 2025 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। इस संबंध में मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किया है।
सिविल सर्जन डॉ. सागर दुलाल सिन्हा ने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को योजना का लाभ देना है। इसके तहत उम्र और सामाजिक-आर्थिक स्थिति की परवाह किए बिना, 70 वर्ष से ऊपर के प्रत्येक व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। इस कार्ड के माध्यम से पात्र नागरिकों को 5 लाख रुपये तक की मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। जिले में अब तक 12 लाख 32 हजार 472 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है, जिसमें 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 7406 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। विभाग ने 27 लाख 61 हजार 472 कार्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
आयुष्मान भारत के प्रभारी जिला समन्वयक अभिनय कुमार ने बताया कि ग्राम सभा, पंचायत बैठक, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई जाएगी। प्रत्येक पंचायत में एक समर्पित हेल्प डेस्क/काउंटर स्थापित किया जाएगा। इन शिविरों का आयोजन सुबह 6:30 से 9:30 बजे तक किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक बुजुर्ग इसका लाभ ले सकें।