रूपेश मिश्रा, मनिहारी, कटिहार। मनिहारी थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान नीतीश कुमार (18), पिता अरुण ऋषि, निवासी केलाबाड़ी, महियारपुर, थाना मनिहारी के रूप में हुई है।
मनिहारी डीएसपी आशिफ आलम ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि घटना की जानकारी 30 अगस्त को पुलिस को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर मनिहारी थाना में कांड संख्या 403/26 दर्ज किया गया। प्राथमिकी बीएनएस की धारा 65(1)/352 और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है।
डीएसपी ने बताया कि मामले के अनुसंधान के लिए उनके नेतृत्व में मनिहारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा समेत पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई। वादिनी के फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान वादिनी की पहचान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिक नामजद आरोपित नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले का अनुसंधान जारी है और सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।










