सारण पुलिस के सामने भिड़े दो पक्ष, समझाने पहुंची टीम पर हमला; महिला पुलिसकर्मी समेत 5 जवान घायल, 2 गिरफ्तार

सारण/तरैया( रमन सिंह): सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव में रविवार को दो पक्षों के बीच विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर भी कथित तौर पर हमला कर दिया गया। घटना में महिला पुलिसकर्मी समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज तरैया रेफरल अस्पताल में कराया गया।

पुलिस के सामने ही शुरू हो गई मारपीट

जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की सूचना मिलने पर तरैया डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर जमा थे। पुलिस ने विवाद शांत कराने और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।

इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के लोग आपस में मारपीट करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर तरैया थाना पुलिस की गश्ती टीम भी मौके पर पहुंची। हमले में महिला पुलिसकर्मी समेत कुल पांच जवान घायल हो गए।

दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों पक्षों से एक-एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष साह और नितेश कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने कहा- दोषियों पर होगी कार्रवाई

तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है