News4Bihar | रूपेश मिश्रा (कटिहार): प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत गुरुवार को कटिहार समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पटना के बापू सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों को गृह प्रवेश के लिए प्रतीकात्मक चाभी व बधाई पत्र तथा नवचयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व उपमुख्यमंत्री सह कटिहार विधायक तारकेश्वर प्रसाद, कोढ़ा विधायक कविता देवी, प्राणपुर विधायक निशा सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं लाभुक मौजूद रहे। जिला स्तर पर पांच नवचयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र तथा पांच लाभुकों को आवास की प्रतीकात्मक चाभी एवं बधाई पत्र दिया गया।
इस मौके पर लाभुकों को जीविका, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, बिजली कनेक्शन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वच्छ पेयजल सहित अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़कर लाभ लेने की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने लाभुकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर आवास निर्माण पूरा करने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को लाभुकों को आवश्यक सहयोग देने और पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।










