News4Bihar | रूपेश मिश्रा, (कटिहार) : बरारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बलुआ बाजार में होटल की आड़ में कथित रूप से अवैध हथियार की खरीद-बिक्री के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की शाम गश्ती के दौरान बरारी थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि बलुआ बाजार स्थित एक होटल की आड़ में अवैध हथियार की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान रंजीत कुंवर चौधरी (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय राजेंद्र चौधरी, निवासी बलुआ बाजार, थाना बरारी, जिला कटिहार के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी की दुकान की विधिवत तलाशी ली, जहां से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बरारी पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार एवं अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।










