●शांति समिति के प्रतिनिधियों से लिया फीडबैक, जुलूस के रूट, लाइसेंस, ट्रैफिक और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश
सारण, 21 अगस्त 2026। मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर सारण जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शुक्रवार को विधि-व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक से पहले डीएम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों की शांति समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्थानीय परिस्थितियों, जुलूस के रूट, संवेदनशील स्थलों और संभावित चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और पर्व के दौरान शांति एवं सामाजिक सौहार्द कायम रखने में सहयोग की अपील की।
जुलूस के रूट और लाइसेंस का होगा सत्यापन
डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक जुलूस के लिए नियमानुसार लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी कराई जाए। आवेदन में जुलूस का रूट, समय, अनुमानित संख्या तथा अन्य आवश्यक विवरण दर्ज कराना अनिवार्य होगा।
जुलूस के आयोजकों एवं सहयोगियों की पहचान संबंधी जानकारी संधारित करने के साथ पर्याप्त संख्या में जिम्मेदार वालंटियरों की तैनाती सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
जुलूस में DJ के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। निर्धारित रूट और समय में किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी रूट का पर्व से पहले भौतिक सत्यापन कराने और मार्ग में मौजूद अवरोधों को हटाने का निर्देश दिया गया।
नए रूट को लेकर भी स्पष्ट निर्देश
डीएम ने कहा कि मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में नए जुलूस रूट का निर्धारण नहीं किया जाए। संवेदनशीलता को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित रूट को छोटा किया जा सकता है।
थाना स्तर पर संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक निरोधात्मक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।
छोटे जुलूसों पर भी रहेगी नजर
डीएम ने छोटे स्थानीय जुलूसों के बड़े जुलूस में शामिल होने वाले संभावित स्थानों को पहले से चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। थाना अध्यक्षों को स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को कहा गया।
25 और 26 अगस्त को ट्रैफिक प्लान रहेगा तैयार
बड़े जुलूस वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक एसपी को 25 और 26 अगस्त के लिए आवश्यकतानुसार डायवर्सन प्लान तैयार करने तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
प्रशासन सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और आपत्तिजनक सामग्री पर विशेष नजर रखेगा। किसी भी संवेदनशील सूचना या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
युवाओं से संवाद पर जोर
बैठक में डीएम ने कहा कि मिलाद-उन-नबी की विधि-व्यवस्था को केवल रूटीन कार्य न समझा जाए। स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार पहले से तैयारी की जाए और कम्युनिटी के साथ ट्रस्ट बिल्डिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने स्थानीय युवाओं के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया, ताकि पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखने में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित हो सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी समुदायों के सहयोग, समन्वय और आपसी विश्वास के साथ मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।










