डेंगू से बचाव को लेकर नगरा में विशेष अभियान शुरू,आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण.

News4Bihar | नगरा | मानसून के दौरान डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में डेंगू से बचाव एवं जागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी गई है.अभियान को प्रभावी बनाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है,ताकि वे घर-घर जाकर लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर सकें.प्रशिक्षण के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को डेंगू के लक्षण, बचाव के उपाय, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा बुखार होने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई.साथ ही लोगों को नियमित रूप से साफ- सफाई रखने और पूरी बांह के कपड़े पहनने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया.इस मौके पर केटीएस सुजीत कुमार भी मौजूद रहे और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए.वहीं इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. द्वेषचंद्र ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशानुसार पूरे प्रखंड में डेंगू जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है.सभी स्वास्थ्यकर्मियों और आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है.उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी.