नगरा में टीबी उन्मूलन अभियान में 20 हजार लोगों हुई स्क्रीनिंग,विभाग अलर्ट

News4Bihar | नगरा | राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत नगरा प्रखंड क्षेत्र में डोर-टू-डोर टीबी स्क्रीनिंग अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है. नगरा स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंचकर संभावित मरीजों की जांच कर रही है,ताकि समय रहते टीबी रोगियों की पहचान कर उनका उपचार शुरू किया जा सके.सीएचसी नगरा के एसटीएस विकास श्रीवास्तव ने बताया कि जिला से आदेश अनुसार नगरा प्रखंड में करीब 27 हजार लोगों की टीबी स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.इसके तहत अब तक लगभग 20 हजार लोगों की जांच पूरी की जा चुकी है,जबकि शेष लोगों की स्क्रीनिंग का कार्य कैंप और डोर टू डोर तेजी से जारी है.उन्होंने बताया कि जनवरी से जुलाई तक प्रखंड में 53 टीबी मरीज चिन्हित किए गए हैं.सभी मरीजों का नियमित उपचार किया जा रहा है तथा उन्हें समय पर दवा,चिकित्सकीय परामर्श और पौष्टिक खान-पान अपनाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है.वहीं इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. द्वेषचंद्र ने बताया कि अभियान से जुड़े सभी स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है.उन्होंने स्पष्ट कहा कि टीबी स्क्रीनिंग या मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.