- तरैया, पानापुर, अमनौर और मकेर में जमीनी हालात का लिया जायजा, भोजन-पानी से लेकर स्वास्थ्य सुविधा और पशु चारा तक की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश
छपरा, 4 अक्टूबर 2026। सारण जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी और तेज कर दी है। रविवार को जिलाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने तरैया, पानापुर, अमनौर एवं मकेर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों तथा बाढ़ पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित परिवारों को सूखा राशन, सामुदायिक रसोई, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर, तिरपाल एवं पशु चारा जैसी आवश्यक सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान, भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता एवं अन्य जरूरी राहत सामग्री समय पर उपलब्ध कराना है।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर वास्तविक स्थिति पर नजर रखने तथा जरूरत के अनुसार तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सामुदायिक रसोई का संचालन प्रभावित परिवारों की संख्या के अनुरूप सुनिश्चित करने, स्वास्थ्य शिविरों को सक्रिय रखने तथा पेयजल और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध कराने और पशुपालकों को आवश्यक सहायता देने का भी निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों की सतत निगरानी की जाए और किसी भी समस्या या आवश्यकता की सूचना मिलते ही उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन के अनुसार, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था लगातार की जा रही है।









