छपरा । खैरा थाना क्षेत्र के धूपनगर धोबवल पंचायत अंतर्गत वर्णपुरा गांव स्थित मइया स्थान मंदिर परिसर में घंटी से लटका 26 वर्षीय युवक रवि रंजन कुमार उर्फ गोलू का शव मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है. मृतक के पिता विनोद कुमार सिंह ने दो लोगों को नामजद करते हुए खैरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दिए गए आवेदन में उन्होंने कहा है मेरे पुत्र से एक लड़की बातचीत करती थी ,इसमें पूर्व में हुए विवाद का भी जिक्र किया गया है. इसके बाद मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है.गौरतलब है कि रविवार की सुबह गांव निवासी रवि रंजन कुमार का शव मइया स्थान मंदिर परिसर में घंटी से लटका मिला था. बताया गया था कि शनिवार की रात वह डुमरी गांव में एक समारोह में शामिल होने गया था. वहां से लौटकर घर में सोने के बाद रविवार की सुबह करीब चार बजे फिर घर से निकला था. सुबह करीब साढ़े आठ बजे मंदिर में पूजा करने पहुंची एक महिला ने उसका शव देखा था. शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही थी.घटना के बाद डीएसपी सुमित शेखर और खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे थे.फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए थे. वहीं, अब मृतक के पिता के आवेदन पर दो लोगों को नामजद किए जाने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.वहीं इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले के सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल की जा रही है.










