Katihar Breaking: दिनदहाड़े अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या।

रूपेश मिश्रा | कटिहार : नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली पटेल चौक के समीप सोमवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। अपराधियों ने चाकू से भी उन पर कई वार किए। बीच बाजार हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अधिवक्ता अजीमुद्दीन अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता को तीन बदमाशों ने बीच सड़क पर घेर लिया और हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधियों ने उनके सिर में गोली मार दी और चाकू से भी हमला किया। वारदात के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से अधिवक्ता को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तीन माह पहले मिली थी जान से मारने की धमकी

मृतक के रिश्तेदार मो. मुमताज आलम ने बताया कि करीब तीन माह पहले न्यायालय परिसर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद अधिवक्ता को बीच चौक पर घेरकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसी पुराने विवाद को लेकर अधिवक्ता की हत्या की गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। सदर डीएसपी विशाल आनंद ने बताया कि अधिवक्ता की हत्या की घटना हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।