माता बिमला देवी की श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब, अजय कुमार साह ने जताया आभार।

रूपेश मिश्रा,कटिहार | माता बिमला देवी की श्रद्धांजलि सभा एवं शांति भोज में सोमवार को श्रद्धा और संवेदना का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों लोगों ने दिवंगत माता जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान शोकाकुल परिवार के प्रति लोगों ने अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया।
श्रद्धांजलि सभा में स्थानीय विधायक सह बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, पूर्व सांसद सह पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री निखिल चौधरी, कटिहार के पूर्व विधायक सत्यनारायण प्रसाद, नगर निगम के पार्षद निक्कू सिंह, प्रमोद महतो समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन (IHRO) के पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न राज्यों से पहुंचे पदाधिकारियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। इसके अलावा कटिहार की विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के अध्यक्ष, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के प्रबुद्ध नागरिक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस अवसर पर IHRO के राष्ट्रीय सचिव सह पश्चिम बंगाल एवं असम प्रभारी अजय कुमार साह ने कहा कि माता जी की श्रद्धांजलि सभा में हजारों लोगों का पहुंचना परिवार के लिए भावुक करने वाला क्षण है। दुख की इस घड़ी में जिस तरह लोगों ने अपना स्नेह, समर्थन और संवेदना व्यक्त की, उसके लिए पूरा परिवार सदैव उनका ऋणी रहेगा।
उन्होंने श्रद्धांजलि सभा एवं शांति भोज में शामिल हुए सभी सम्मानित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, मित्रों, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया से जुड़े सभी पत्रकारों का भी धन्यवाद किया।
अजय कुमार साह ने कहा कि माता जी को श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ी भीड़ उनके प्रति लोगों के प्रेम, सम्मान और आत्मीय संबंधों की साक्षी है। उन्होंने शोकाकुल परिवार एवं अपने समस्त परिवार की ओर से सभी शहरवासियों और शुभचिंतकों के प्रति हार्दिक आभार, साधुवाद एवं धन्यवाद व्यक्त किया।