रूपेश मिश्रा,कटिहार/मनसाही। मनसाही प्रखंड के हफलागंज में सोमवार को जिले के पहले जीविका सुधा बिक्री केंद्र का शुभारंभ जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर डीएम ने केंद्र की संचालिका जीविका दीदी मंजू देवी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं के आजीविका संवर्धन और महिला सशक्तीकरण में जीविका महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जीविका दीदियों को रोजगार से जोड़ने के लिए चरणबद्ध तरीके से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे। जिन पंचायतों में लाभार्थियों का चयन हो चुका है, वहां कॉम्फेड के सहयोग से जल्द केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत चयनित जीविका दीदियों को केंद्र की स्थापना के लिए 60 हजार रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है। लाभार्थी को अपनी ओर से 15 हजार रुपये की राशि निवेश करनी होगी। ऑनलाइन आवेदन और लॉटरी के माध्यम से लाभार्थियों का चयन किया गया है।
जीविका और कॉम्फेड (सुधा) के संयुक्त तत्वावधान में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के आधार पर इन केंद्रों का संचालन किया जाएगा। जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदियां ही केंद्र की बागडोर संभालेंगी। केंद्र के माध्यम से ग्रामीण उपभोक्ताओं को दूध, दही, लस्सी, मिठाई समेत सुधा के विभिन्न गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे।
केंद्र की लाभार्थी मंजू देवी ने बताया कि जीविका सुधा बिक्री केंद्र मिलने से उन्हें घर के पास ही रोजगार का साधन उपलब्ध हुआ है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिलेगा।
वित्तीय सहायता की राशि से डीप फ्रीजर, विजी कूलर, प्रचार-प्रसार सामग्री और परिवहन आदि की व्यवस्था की जा रही है, जबकि लाभार्थी की स्वयं की पूंजी से डेयरी उत्पादों की खरीद की जाएगी। कार्यक्रम में जीविका के डीपीएम इंद्र शेखर इंदु, वाईपी लिली कुमारी, मनसाही बीपीएम प्रिया राज, कॉम्फेड प्रतिनिधि समेत दर्जनों जीविका दीदियां और ग्रामीण मौजूद थे।










