- रोशना थाना पुलिस ने महानंदा चेक पोस्ट के पास वाहन जांच के दौरान की कार्रवाई।
रूपेश मिश्रा, (कटिहार) अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रोशना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक एंबुलेंस से 396.12 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक शराब तस्कर को गिरफ्तार करने के साथ एंबुलेंस और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात रोशना थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक एंबुलेंस में सवार व्यक्ति बंगाल की ओर से भारी मात्रा में शराब लेकर आ रहा है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने महानंदा चेक पोस्ट के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
वाहन जांच के दौरान एक एंबुलेंस सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम संतोष कुमार (38 वर्ष), पिता महेश्वर गोस्वामी, सौंसा थाना मरंगा, जिला पूर्णिया बताया।
पुलिस ने एंबुलेंस की विधिवत तलाशी ली, जिसमें 396.12 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ एक एंबुलेंस और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान: 396.12 लीटर विदेशी शराब, एक एंबुलेंस और एक मोबाइल फोन।










