खैरा–मुसहरी मुख्य पथ पर जलजमाव से मिलेगी राहत, मंत्री से मिले शत्रुघ्न भक्त मालाकार

  • पक्का नाला निर्माण और अधूरे नालों को पूरा कराने की मांग, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को कार्रवाई का निर्देश

संजय पांडेय | छपरा (सारण) : नगरा प्रखंड के खैरा मुख्य बाजार से मुसहरी गांव की सीमा तक छपरा–मढ़ौरा मुख्य पथ पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उत्पन्न जलजमाव की समस्या के समाधान की मांग को लेकर भाजपा बिहार प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शत्रुघ्न भक्त मालाकार ने मंगलवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को क्षेत्र की समस्या से अवगत कराते हुए इस संबंध में आवेदन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उक्त मुख्य पथ के कई स्थानों पर नाला अर्धनिर्मित है, जबकि कई जगहों पर नाले का पूरी तरह अभाव है। इसके कारण बारिश के दौरान पानी की समुचित निकासी नहीं हो पाती और सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। कई स्थानों पर लंबे समय तक पानी जमा रहने से आम लोगों, दुकानदारों, विद्यार्थियों, मरीजों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

श्री मालाकार ने मंत्री से खैरा मुख्य बाजार से मुसहरी गांव की सीमा तक सड़क के किनारे आवश्यकता के अनुसार पक्का नाला निर्माण कराने तथा जहां नाला अर्धनिर्मित है, वहां उसके निर्माण कार्य को पूरा कराने का आग्रह किया।

मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पथ निर्माण विभाग, सोनपुर-सारण के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने यथाशीघ्र समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

शत्रुघ्न भक्त मालाकार ने कहा कि जनता से जुड़ी मूलभूत समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समुचित विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभागीय स्तर पर शीघ्र कार्रवाई होने से खैरा एवं आसपास के ग्रामीणों को जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।